शरद कपूर के साथ मदद के नाम पर हुआ धोखा? पैसे देकर बनवाया वीडियो, फिर वापस ले ली रकम; अभिनेता बोले- अब किसी से नहीं मिलूंगा

बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी आर्थिक तंगी और खराब स्वास्थ्य को लेकर चर्चा में हैं। मुश्किल हालात से गुजर रहे अभिनेता की मदद के लिए जहां फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग आगे आए हैं, वहीं कुछ लोगों पर उनकी मजबूरी का फायदा उठाने के आरोप भी लगे हैं। शरद कपूर की देखभाल कर रहीं उनकी दोस्त और बेजुबान ट्रस्ट की संचालक हेमा चौधरी ने दावा किया है कि कुछ लोग मदद का दिखावा करने के लिए अभिनेता को नकद पैसे देते हैं, उनका वीडियो बनाते हैं और रिकॉर्डिंग पूरी होने के बाद वही रकम वापस ले लेते हैं। इस पूरे घटनाक्रम से नाराज शरद ने भी साफ कर दिया है कि अब वह किसी से मुलाकात नहीं करना चाहते।दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर शरद कपूर के कुछ वीडियो सामने आए थे। इनमें अभिनेता की खराब हालत दिखाई दे रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद बेजुबान ट्रस्ट ने उन्हें रेस्क्यू किया। इसके बाद शरद ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम के साथ आर्थिक, मानसिक और भावनात्मक सहयोग की अपील की थी। उनकी स्थिति सामने आने के बाद कई लोग उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन अब हेमा चौधरी ने कुछ लोगों के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।मदद के बहाने वीडियो बनाने वालों पर हेमा चौधरी ने उठाए सवालहेमा चौधरी ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर शरद कपूर की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह अभिनेता से मिलकर लौटी हैं, लेकिन उनकी तबीयत और मानसिक स्थिति अभी भी सामान्य नहीं है। शरद लंबे समय तक बातचीत नहीं कर पा रहे हैं। वह अपनी बात कहना चाहते हैं, लेकिन कई बार जो बोलना चाहते हैं, उसके बजाय कुछ दूसरी बातें उनके मुंह से निकल जाती हैं।हेमा के मुताबिक, शरद की परेशानी को फिल्म इंडस्ट्री और लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ही उनका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। मकसद था कि अभिनेता की स्थिति जानकर लोग उनकी मदद के लिए आगे आएं। उन्हें जिस हालत में रेस्क्यू किया गया था, उसे देखते हुए फिलहाल उनकी देखभाल और मेडिकल सहायता की जरूरत है।हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोग अभिनेता से मिलने पहुंचे और इस दौरान उनके साथ वीडियो भी बनाए गए। हेमा ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को अभी केवल तीन दिन हुए हैं। इसलिए मदद के लिए कुछ समय लगना स्वाभाविक है। लेकिन इस बीच कुछ लोगों का व्यवहार परेशान करने वाला रहा है।उन्होंने एक व्यक्ति का जिक्र करते हुए बताया कि वह शरद को लंच कराने के बहाने अपने साथ ले गया था। वहां अभिनेता से ऐसी बात कहलवाई गई कि अगर किसी को एक्टिंग में काम चाहिए तो वह गुरुजी के माध्यम से मदद कर सकते हैं। हेमा ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद आर्थिक परेशानियों से गुजर रहा है और काम की तलाश में है, उससे दूसरों को काम दिलाने की बात कहलवाना कहां तक उचित है।पहले नकदी देकर रिकॉर्ड किया वीडियो, फिर पैसे वापस लेने का आरोपमामले का एक और अहम पहलू बताते हुए हेमा ने आरोप लगाया कि एक अन्य व्यक्ति ने शरद कपूर को कुछ नकद रुपये दिए और उनके साथ वीडियो रिकॉर्ड किया। सोशल मीडिया पर इस तरह दिखाया गया, जैसे वह व्यक्ति अभिनेता की आर्थिक मदद कर रहा हो। लेकिन हेमा के दावे के मुताबिक, वीडियो बन जाने के बाद उस शख्स ने शरद से पैसे वापस ले लिए।जब हेमा ने इस बारे में अभिनेता से बातचीत की तो शरद ने बताया कि वह उस व्यक्ति को जानते तक नहीं थे। उन्हें यह भी समझ नहीं आया कि उनके साथ क्या किया जा रहा है। हेमा का कहना है कि शरद पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनसे बार-बार सवाल पूछना, वीडियो बनाना और उनकी परेशानी को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का जरिया बनाना ठीक नहीं है।उन्होंने यह भी बताया कि अभिनेता को मेडिकल सहायता की जरूरत है और इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। हेमा के अनुसार, इस समय शरद को सबसे पहले अपनी सेहत पर ध्यान देने और धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलना चाहिए।शरद कपूर ने जताई नाराजगी, बोले- अब किसी से नहीं मिलूंगाहेमा चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में शरद कपूर का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें अभिनेता ने खुद इस पूरे मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री, अपने प्रशंसकों और बेजुबान शेल्टर्स का आभार जताया। साथ ही कहा कि सोशल मीडिया पर उनके हाथ में नकदी दिखाकर कई तरह की गलत बातें पेश की जा रही हैं।शरद ने बताया कि उन्हें यह तक समझ नहीं आया कि उनसे मिलने आए लोग क्या कर रहे हैं। उनसे केवल पैसे हाथ में पकड़ने के लिए कहा गया था। अभिनेता ने इस व्यवहार को अपमानजनक बताते हुए कहा कि अब वह किसी से मुलाकात नहीं करेंगे। अगर कोई उनसे मिलने आता है तो वह हाथ जोड़कर उसका अभिवादन करेंगे।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी को उनकी मदद करनी है तो वह सीधे हेमा चौधरी या उनसे संपर्क कर सकता है। इस तरह बिना किसी दिखावे के उनकी जरूरतों को समझकर सहायता पहुंचाई जा सकती है।इसी सिलसिले में हेमा ने शरद कपूर के नाम से सोशल मीडिया पर चल रहे कुछ अकाउंट्स को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन अकाउंट्स से उनका कोई संबंध नहीं है और ये फर्जी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे अकाउंट्स पर भरोसा करके किसी को पैसे न भेजें और न ही किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर आर्थिक मदद करें।सोनू सूद और सलमान खान ने भी मदद का भरोसा दियाएक ओर जहां अभिनेता के नाम पर मदद का दिखावा करने के आरोप सामने आए हैं, वहीं दूसरी ओर फिल्म इंडस्ट्री से कुछ कलाकारों ने उनकी सहायता के लिए पहल की है। बेजुबान ट्रस्ट ने अभिनेता सोनू सूद का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह शरद कपूर को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करते दिखाई दिए।ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी सोनू सूद की पहल की सराहना की है। संगठन के मुताबिक, सोनू ने शरद को बॉलीवुड में काम देने की पेशकश भी की है। इसके अलावा सलमान खान ने भी अपने ‘जय हो’ के सह-कलाकार की आर्थिक मदद करने की बात कही है। AICWA ने दोनों अभिनेताओं के इस कदम के लिए उनका आभार जताया।इससे पहले अभिनेत्री जया भट्टाचार्य भी शरद कपूर से मिलने पहुंची थीं। उनके साथ साझा किए गए वीडियो में अभिनेता ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) से काम दिलाने और समर्थन देने की अपील की थी। शरद ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा था कि वह दोबारा अभिनय की दुनिया में सक्रिय होना चाहते हैं। उन्हें आर्थिक सहायता के साथ-साथ नैतिक समर्थन की भी जरूरत है।’जोश’ से मिली पहचान, अब फिर काम पर लौटना चाहते हैं अभिनेताशरद कपूर ने साल 1994 में फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह महेश भट्ट के शो ‘स्वाभिमान’ और फिल्म ‘दस्तक’ में नजर आए। हालांकि, साल 2000 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ से उन्हें खास पहचान मिली। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।इसके अलावा शरद ‘लक्ष्य’, ‘वांटेड’, ‘जय हो’ और ‘ये है जलवा’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उनकी आखिरी ऑन-स्क्रीन मौजूदगी साल 2019 में रिलीज हुई ZEE5 की फिल्म ‘कैबरे’ में देखने को मिली थी।अब अभिनेता एक बार फिर अपने करियर को आगे बढ़ाना चाहते हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से उबरना और जीवन को दोबारा पटरी पर लाना है। ऐसे में हेमा चौधरी की अपील और फिल्म इंडस्ट्री से मिल रहे सहयोग के बीच शरद कपूर ने साफ कर दिया है कि उन्हें दिखावे वाली मदद नहीं, बल्कि वास्तविक सहयोग और काम की जरूरत है।